मेरठ। भाजपा विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर कई मुद्दाें पर वार्ता करने के साथ मांग पत्र सौंपे। उन्होंने सीएम के सामने प्रह्लाद नगर में बिगड़ी कानून व्यवस्था और उससे परेशान लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से बताया।
विधायक ने मुख्यमंत्री से कहा कि उद्योगपुरम, रिठानी, परतापुर, बागपत रोड, सूरजकुंड रोड आदि स्थानों में औद्योगिक इकाईयां संचालित हैं। जिसमें करीब 80 हजार ईएसआई कार्ड धारक हैं। मेरठ में कर्मचारी राज्य बीमा निगम का अस्पताल न होने के कारण श्रमिकों व उनके परिवार को उचित चिकित्सा प्राप्त करने में काफी कठिनाईयों हो रही है। मेरठ में ईएसआई अस्पताल होना श्रमिकों के हित में अति आवश्यक है। कताई मिल बंद हो जाने के कारण इसमें कार्य करने वाले लोगों को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा था। यदि कताई मिल का इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित किया जाए तो क्षेत्रीय जनता को रोजगार के अवसर खुलेंगे और मेरठ का बंद पड़ा उद्योग पुनर्जीवित होगा। साथ ही कहा कि सरकार के गठन के बाद ओटीएस योजना को लागू नही किया गया। जिससे सरकार को एकमुश्त राजस्व की प्राप्ति नही हो रही है। जनहित में वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू की जाए।
प्रह्लाद नगर में हो सुरक्षा की समुचित व्यवस्था
विधायक तोमर ने मुख्यमंत्री से कहा कि प्रह्लाद नगर हिंदू बहुल आबादी क्षेत्र रहा है। जिसमें शतप्रतिशत पंजाबी समुदाय के लोग निवास करते हैं। इसके चारों ओर मुस्लिम बहुल आबादी निवास करती है। प्रह्लाद नगर में बाइक से स्टंटबाजी, गुंडागर्दी, युवतियों से छेड़छाड़, चेन स्नैचिंग, हवाई फायरिंग जैसी घटनाओं से लोग दहशत में हैं। प्रह्लाद नगर और इस्लामाबाद के मध्य एक बड़ा लोहे का गेट व प्रह्लाद नगर की सुरक्षा हेतु समुचित व्यवस्था करायी जानी चाहिए।
उत्पातियों पर हो सख्त कार्रवाई
विधायक ने कहा कि विगत 30 जून को शहर में युवा सेवा समिति का फैज-ए-आम कॉलेज से हापुड़ अड्डे तक निकाले गए जुलूस में बहुत उत्पात हुआ। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बिना अनुमति के निकाले गए जुलूस में उत्पात मचाने वाले आरोपियों के खिलाफ शासन स्तर से जांच कराकर सख्त से सख्त कार्यवाही कराने की भी विधायक ने मांग रखी।