- मोहकमपुर, विश्व एन्क्लेव, देवलोक सहित अन्य क्षेत्रों में लोग रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। दिनभर बारिश के बीच शनिवार को शहर भर में बिजली की ट्रिपिंग होती रही। बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण मोहकमपुर, विश्व एन्क्लेव, देवलोक कॉलोनी, इंदिरानगर, बिशन चौक, गौतमनगर, मास्टर कॉलोनी, श्रीराम कॉलोनी, मानसरोवर, सूर्य पैलेस और मेजर ध्यानचंद नगर में लोग सबसे ज्यादा परेशान रहे।
भाजपा नेता राकेश गौड़ सहित अन्य लोगों ने बताया कि माधवपुरम बिजलीघर से जुड़े ब्रह्मपुरी, पूर्वी व पश्चिमी, पजाया, इंदिरानगर, बिशन चौक, गौतमनगर, मास्टर कॉलोनी आदि क्षेत्रों में दिनभर बिजली आती-जाती रही। रुड़की रोड स्थित एमईएस बिजलीघर में टाउन-दो फीडर पर फाल्ट के चलते लगभग तीन घंटे बिजली गुल रही। भगवतपुरा निवासी गिरीश भारद्वाज ने बताया कि शारदा रोड बिजलीघर के जुड़े क्षेत्रों में दिन में कई बार बिजली की ट्रिपिंग हुई।
देवलोक निवासी राकेश माहेश्वरी, रिषभ, विकास सहित अन्य ने बताया कि दिन में बार-बार बिजली के कट लगे। इससे परेशानी हुई। नरेश उपाध्याय ने बताया कि मंगलपांडे नगर बिजलीघर से जुड़े ए-ब्लॉक शास्त्रीनगर में फाल्ट के कारण लगभग डेढ़ घंटे बिजली ठप रही। अजंता कॉलोनी फीडर में भी फाल्ट से कुछ देर के लिए बिजली कटौती रही।
खंभा गिरने से लालकुर्ती में बिजली गुल
भाजपा नेता विशाल कन्नौजिया सहित अन्य ने बताया कि लालकुर्ती क्षेत्र के हंडिया मोहल्ले में शनिवार रात्रि खंभा गिरने से पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। लोगों ने इसकी शिकायत तत्काल विद्युत अधिकारियों से की। रात में कर्मचारियों ने पहुंचकर काम शुरू कर दिया।
जहां परेशानी थी, वहां भेजी टीम : अधीक्षण अभियंता
इस बारे में अधीक्षण अभियंता नगर मनोज कुमार यादव का कहना है कि बारिश के बावजूद शहर में कोई फीडर पूरी तरह ठप नहीं हुआ। बिजली आपूर्ति चलती रही। फाल्ट की सूचना मिलते ही जहां परेशानी थी, वहां विद्युत कर्मचारियों की टीम भेजकर उसे ठीक कराया गया। वहीं, मुख्य अभियंता मेरठ प्रथम रजनीकांत मिश्र ने बताया कि केवल एक फीडर कुछ समय के लिए बाधित हुआ। उसकी आपूर्ति भी जल्द बहाल कर दी गई।
-