टाउन बिजलीघर की इनकमिंग मशीन में तकनीकी खराबी आने से बनी समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे में शुक्रवार को घोषित बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों ने विद्युत व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतार दी। पूरी रात बिजली की आवाजाही बनी रही जिससे उमस भरी गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उर्जा निगम के अनुसार सबसे पहले टाउन बिजलीघर की इनकमिंग मशीन में तकनीकी खराबी आने से कस्बे के बड़े हिस्से की आपूर्ति प्रभावित हो गई। कर्मचारी मशीन की मरम्मत में जुटे ही थे कि पुलिस चौकी के पास लगा विद्युत ट्रांसफार्मर भी खराब हो गया। इससे कई मोहल्लों में घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इसी दौरान चुंगी क्षेत्र में विद्युत लाइन का जंप वायर अधिक गर्म होने के कारण पिघल गया और उसमें आग लग गई। सूचना मिलने पर विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित लाइन की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू किया, लेकिन लगातार सामने आ रही तकनीकी दिक्कतों के चलते आपूर्ति सामान्य होने में काफी समय लग गया।
देर रात तक विभाग ने खराबियों को दूर कर अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी, लेकिन इसके बाद भी बार-बार ट्रिपिंग होती रही। पेयजल आपूर्ति और घरेलू कामकाज भी प्रभावित हुआ।
खालिद अंसारी, सोनू त्यागी, ऋषभ जैन, मोनीश मिर्जा, इमरान ठाकुर, शानू जैन का कहना है कि पिछले कई दिनों से घोषित कटौती के अलावा तकनीकी खराबियों के कारण भी घंटों बिजली गुल रहती है। अधिशासी अभियंता दुर्गेश कुमार जायसवाल का कहना है कि सभी तकनीकी खराबियों को दूर कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। साथ ही भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचाव के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्य भी कराए जा रहे हैं।