सरधना। नगर में तहसील रोड पर एचटी लाइन लाइन का तान टूटने से अधिकतर मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। तार टूटने पर नगर में लोगों के मीटर व विद्युत उपकरणों में आग लग गई। करीब 10 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से कस्बे के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में बिजली नहीं होने से लोग पूरी रात परेशान घूमते रहे।
थाने के सामने से होकर गुजर रही एचटी लाइन का एक तार शनिवार रात करीब नौ बजे टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। गनीमत रही कि तार की चपेट में कोई नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। तार टूटने के बाद तहसील रोड के अलावा मोहल्ला कुम्हारान, ऊंचापुर सहित कई मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। लाइन खराब होने पर नगर के लोगों ने बिजलीघर पर सूचना दी। इसके बाद उन्होंने विद्युत आपूर्ति तो बंद करा दी, लेकिन टूटी विद्युत लाइन को सही नहीं किया। उधर, रातभर बिजली गुल रहने से नगर के लोग भीषण गर्मी में परेशान रहे।
तहसील रोड के कई मोहल्लों में रातभर अंधेरा पसरा रहा। इसके अलावा एचटी लाइन का तार एलटी लाइन के ऊपर गिरा। इसके चलते घरों के मीटर व विद्युत उपकरणों में आग लग गई। नगर के लोग बिजलीघर पर पहुंचे तो विद्युतकर्मी सोते मिले। रविवार सुबह मरम्मत कार्य शुरू हुआ। कार्य पूरा होने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारू की गई। करीब 10 घंटे बाद बिजली मिली तो लोगों ने राहत की सांस ली।