- देवलोक, सैनिक विहार, टीपीनगर सहित कई जगहों पर परेशान रहे लोग
- दवा मार्केट खैरनगर में एक फेस गायब रहने से व्यापारी हुए आक्रोशित
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। बुधवार को शहर के कई क्षेत्रों में तीन से पांच घंटे तक बिजली कटौती रही। इससे लोग गर्मी से बेहाल रहे। देवलोक कॉलोनी, सैनिक विहार, टीपीनगर सहित अन्य इलाकों में सबसे अधिक परेशानी रही।
दिल्ली रोड स्थित देवलोक कॉलोनी निवासी श्रीप्रकाश जिंदल ने बताया कि पहले एक घंटे तक बिजली कटी। इसके बाद दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस कारण गर्मी में लोग बुरी तरह से परेशान रहे। वहीं, जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन के महामंत्री रजनीश कौशल रज्जन ने बताया कि दवा मार्केट खैरनगर में एक फेस गायब रहने के कारण बिजली संकट रहा। इससे व्यापार भी प्रभावित हुआ। बिजली उपकरण नहीं चलने के कारण परेशान रहे।
भूमिया का पुल क्षेत्र में बुधवार को रुक-रुक कर बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। भगवतपुरा, गौतमनगर, गणेशपुरी, हरि नगर आदि क्षेत्रों में बिजली की ट्रिपिंग होती रही। इस क्षेत्र में बृहस्पतिवार को भी मरम्मत कार्यों के कारण बिजली कटौती रहेगी। सैनिक विहार कंकरखेड़ा, शिवलोकपुरी कंकरखेड़ा, टीपीनगर क्षेत्र की चंद्रलोक, साबुन गोदाम, गुप्ता कॉलोनी और ब्रह्मपुरी क्षेत्र में बिजली गुल होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। इसी तरह से गढ़ रोड पर अजंता कॉलोनी, शास्त्रीनगर, जागृति विहार, घंटाघर क्षेत्र, माधवपुरम में बार-बार बिजली कट ने परेशान किया।