मेरठ। रविवार को शहर के कई इलाकों में बिजली न होने के कारण लोगों ने नाराजगी जताई। कहीं, मरम्मत कार्यों तो कहीं फाल्ट के कारण बिजली नहीं रही। जली कोठी क्षेत्र में तार टूटने के कारण बिजली नहीं रही। इस कारण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा।
सदर, बेगमपुल, न्यू मोहनपुरी, लेडीज पार्क उपकेंद्रों से जुड़े इलाकों में दिन में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से व्यापार पर भी असर पड़ा। सदर और बेगमपुल बाजारों के व्यापारियों ने मरम्मत के नाम पर गुल रही बत्ती को लेकर आक्रोश जताया। व्यापारी अकरम कुरैशी ने बताया कि जली कोठी इलाके में रविवार आधी रात बाद तीन बजे से चार बजे के बीच बिजली तार टूट गया था। इसके चलते जली कोठी इलाके की बिजली आपूर्ति गुल हो गई थी। बिजली अनापूर्ति के चलते इलाके में लोगों को पानी की आपूर्ति भी नहीं हुई। बिजली-पानी संकट से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात से बाधित बिजली आपूर्ति सुबह 10:40 बजे सुचारु हुई लेकिन सुबह फिर 11:38 बजे गुल हो गई। 11:55 बजे बिजली आई और फिर 2:19 बजे गुल हो गई। इसके बाद 2:55 बजे बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।