जानीखुर्द। रघुनाथपुर बिजलीघर से जुडे़ आधा दर्जन से भी ज्यादा गांवों में पिछले तीन दिन से बिजली की अघेषित कटौती की जा रही है। जिसको लेकर ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने बृहस्पतिवार को रघुनाथपुर बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया।
रघुनाथपुर बिजलीघर से जुडे़ गाव रघुनाथपुर, टिमकिया, कुराली आदि में तीन दिन से बिजली की अघोषित कटौती की जा रही है। ग्रामीण जबर सिंह के अनुसार रात में बिजली दो से तीन घंटे ही आ रही है। जिससे उमस भरी गर्मी में रात काटनी मुश्किल हो रही है। वहीं, रघुनाथपुर निवासी किसान लाला के अनुसार अघोषित कटौती से ट्यूबवेल नहीं चल पा रही है। जिससे इस समय धान की बुआई में दिक्कत आ रही है। अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने रघुनाथपुर बिजलीघर पहुंचकर अघोषित कटौती के बारे में जानकारी मांगी। मौके पर मौजूद विद्युत निगम कर्मियों ने जानकारी नहीं होने की बात बताई। काफी देर तक ग्रामीणों ने किसी अधिकारी के नहीं आने पर हंगामा करने के बाद अपने घर चले आए। ग्रामीणों के अनुसार यदि बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो वह एमडी के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान सत्यप्रकाश पाल, सोनू पूनिया, जोगेंद्र, सुंदर, राजपाल, प्रवीण, सुधीर आदि मौजूद रहे।