मवीमीरा गांव में मकान बिकाऊ के लगाए पोस्टर
दौराला। मवीमीरा गांव में 23 दिसंबर की रात सिगरेट को लेकर हुए विवाद के बाद मंगलवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने घरों पर मकान बिकाऊ के पोस्टर लगा दिए। पुलिस ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
मवीमीरा गांव में 23 दिसंबर की रात सिगरेट लेने के विवाद में दो समुदाय के युवकों में कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया था। जिसके बाद दोनों पक्षों में पथराव व फायरिंग हुई थी। पुलिस ने गांव पहुंचकर मामले को शांत कराकर शांति बनाए रखने की अपील की थी। छह दिन बाद भी इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। लेकिन, मुस्लिम समुदाय के लोगों ने छह दिन बाद अपने घरों पर मकान बिकाऊ के पोस्टर चस्पा कर गांव से पलायन करने की बात कही है।
गांव निवासी यूनुस, शरीफ, इस्लामुद्दीन, साकिब, इकबाल, अली मोहम्मद, आरिफ, रियाजुद्दीन आदि ने बताया कि उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। दूसरे समुदाय के युवकों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की, परंतु उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, लेकिन इसके बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
थाना प्रभारी दौराला किरनपाल सिंह का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। गांव में शांति बनी हुई है। यदि कोई माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी।