अक्खेपुर गांव में ‘मकान बिकाऊ’ के पोस्टर चस्पा, मारपीट के आरोपी पीड़ितों पर बना रहे फैसले का दबाव
सरधना। अक्खेपुर गांव में चार दिन पूर्व उपाध्याय समाज के परिवार के साथ घर में घुसकर हमला किए जाने के मामले में नामजद आरोपियों की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने गांव छोड़कर चले जाने की बात कही है। आधा दर्जन से अधिक परिवारों ने मकान बिकाऊ के पर्चे चस्पा किए हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी दर्ज मुकदमे में फैसले का दबाव बना रहे हैं। फैसला न करने पर पीड़ित परिवार को भुगत लेने की धमकी भी दी जा रही है।
अक्खेपुर निवासी रोहित उपाध्याय ने बताया कि 28 जनवरी को गांव के ही दूसरे समाज के लोगों ने घर में घुसकर उसके, मां रामवती, पिता ताराचंद व पत्नी के साथ मारपीट व धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया था। जिसमें यह सभी घायल हो गए थे। मेरठ मेडिकल में भर्ती पिता की हालत अभी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने तहरीर पर अरुण व अजीत पुत्र फत्ते, बल्लू पुत्र झिल्ले, प्रवेश देवी पत्नी बल्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने घटना के चार दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं की है।
रोहित के परिवार व समाज के लोगों का कहना है कि आरोपी दर्ज मुकदमे में फैसले का दबाव बना रहे हैं। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की तो वह घर पर ताला लगाकर गांव से चले जाएंगे। जिसकी जिम्मेदारी शासन प प्रशासन की होगी। उपाध्याय समाज के करीब आधा दर्जन से अधिक परिवारों ने अपने मकानों के दरवाजे पर मकान बिकाऊ है के पोस्टर चस्पा किए हैं।
मामले की जांच कराई जा रही है
मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार पर फैसले का दबाव बनाया जा रहा है तो इसकी भी जांच कराई जाएगी। -आरपी शाही, सीओ, सरधना
जल्द कार्रवाई होगी
हमले के आरोपियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। -अमित कुमार भारतीय, एसडीएम