मेरठ। डाकघर की बिल्डिंग क्षतिग्रस्त होने के मामले में डाक विभाग के अधिकारियों ने नगर निगम और एसआर डेवलेपर के खिलाफ देहली गेट थाने में आईपीसी की धारा 188 और 427 के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डाक विभाग के सीनियर पोस्ट मास्टर की तरफ से दी गई तहरीर में कहा गया है कि प्रधान डाकघर के पीछे की तरफ नगर निगम के पानी की पाइप लाइन फट गई है। इसके अलावा एसआर डेवलेपर के निर्माणाधीन क्लॉक टावर के बेसमेंट में पानी के अधिक बहाव से डाकघर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है। वो टूटकर सड़क पर गिर रहा है। नींव की मिट्टी कटने के कारण डाकघर भवन के पिलर एवं फर्श में दरारें आ गईं हैं। जिसके कारण डाकघर भवन गिरने की प्रबल संभावना बन गई है, इससे जानमाल का खतरा बना हुआ है। इस गंभीर मामले में रिपोर्ट दर्ज की जाए। सीओ कोतवाली अमित राय ने बताया कि तहरीर पर नगर निगम और बिल्डर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
उधर, अप्सरा सिनेमा के मालिक अंकुर शर्मा तथा प्रदीप त्यागी का कहना है कि सिनेमा निर्माण की वजह से मकानों में दरार नहीं आ रही। इसकी वजह पीडब्ल्यूडी की ओर से किया जा रहा नाला निर्माण है। पिछले 6 महीने से नाले का पानी गली में भर रहा है और आसपास के मकानों की नींव कमजोर कर रहा है। नाले के पानी की वजह से सीमेंट की करीब 70 साल पुरानी पाइप लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिसे अपने खर्चे पर कुछ दूर तक दुरुस्त कराया गया।