हस्तिनापुर। निकाय चुनाव को देखते हुए अवैध कच्ची शराब पर प्रतिबंध लगाने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने थाना क्षेत्र के गांव मखदूमपुर में एक मकान में छापा मारा। मौके पर अवैध शराब की चलती भट्ठी पकड़ी। जहां से टीम ने अवैध शराब बनाते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आबकारी निरीक्षक ज्योति अग्रवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के गांव मखदूमपुर में एक मकान पर छारा मारा। जहां पर निकाय चुनाव में इस्तेमाल करने के लिए अवैध कच्ची शराब बनाई जा रही थी। आबकारी विभाग की टीम को एक कमरे में भट्ठी चलती मिली। यहां तीन ड्रमों में लगभग एक हजार लीटर लहन, लगभग 70 पाउचों में 40 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर ही भट्ठी व लहन को नष्ट कर दिया। कच्ची शराब को जब्त किया गया। अवैध शराब बनाने वाले दो आरोपियों आसाराम और प्रदीप को मौके से गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ हस्तिनापुर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।