संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने सत्र 2025-26 में बीए और बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं के लिए विषय आवंटन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय ने इसके लिए समर्थ पोर्टल को पूरी तरह लाइव कर दिया है। डीएसडब्ल्यू भूपेंद्र सिंह ने बताया कि विषय आवंटन की इस पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन ही पूरा करना होगा। सभी संबंद्ध महाविद्यालयों व संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि 22 से 30 नवंबर तक अपनी आईडी से समर्थ पोर्टल पर लॉगिन करें और एकेडमिक टैब में जाकर अपने यहां दाखिला ले चुके छात्र-छात्राओं को विषय आवंटित कर दें। इससे पहले 21 नवंबर को महाविद्यालयों के साथ ऑनलाइन बैठक भी की गई थी। इसमें पूरी प्रक्रिया को समझाया गया था। विषय आवंटन की ऑनलाइन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए समर्थ पोर्टल पर ही पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन भी अपलोड कर दिया गया है, जिसे महाविद्यालय डाउनलोड कर सकते हैं। विवि ने चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि 30 नवंबर के बाद किसी भी हाल में विषय आवंटन नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी महाविद्यालय समय से कार्य पूरा कर लें।