सरूरपुर। गांव जसड़ सुल्तान नगर में तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर रास्तों पर बहने से ग्रामीणों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इससे नाराज ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए जल्द समाधान की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब का पानी लगातार बाहर निकल रहा है। इससे गांव के रास्तों पर जलभराव हो गया है। साथ ही तालाब के आसपास स्थित मकानों में पानी घुसने की आशंका भी बनी हुई है।
ग्रामीण कमरूद्दीन, जब्बार, आरिफ, गुलबहार, बाबू और मुशर्रफ ने बताया कि हाल ही में तालाब की सफाई कराई गई थी। हल्की बारिश के बाद ही तालाब ओवरफ्लो होकर पानी बाहर बहने लगा। इससे सफाई कार्य और जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही अतिरिक्त पानी की निकासी नहीं कराई गई तो बारिश बढ़ने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है। समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई की मांग की। बताया कि पानी के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। जबकि तालाब किनारे बने मकानों में पानी घुसने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब से अतिरिक्त पानी की तत्काल निकासी कराने, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सक्सेना ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। टीम को मौके पर भेजकर स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा। जलनिकासी की उचित व्यवस्था कर समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।