मुजफ्फरनगर। सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने सपा नेता राजकुमार भाटी के समाज और परंपराओं पर दिए गए बयान को निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान समाज में भ्रम और अनावश्यक विवाद पैदा करने वाले होते हैं। हमारी संस्कृति में मां, बहन और बेटी को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। यह भाटी का व्यक्तिगत बयान है।
रविवार को फेसबुक पेज के माध्यम से दिए गए बयान में कहा गया कि बिना पूरी जानकारी के ऐसे विषयों पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए। हमारी संस्कृति में मां, बहन और बेटी को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है।
हर समाज की बेटी पूजनीय और सम्मानीय है। किसी भी समाज की गरिमा, सम्मान और परंपराओं का आदर करना सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे विषयों पर संयमित और मर्यादित भाषा ही समाज में भाईचारा और सद्भाव मजबूत करती है। प्रयास हमेशा समाज को जोड़ने और आपसी सम्मान बढ़ाने का होना चाहिए, न कि विवाद पैदा करने का। उधर, संयुक्त हिंदू मोर्चा अध्यक्ष मनोज सैनी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राज कुमार भाटी हिंदू समाज की जातियों के खिलाफ अपमानजनक बयान दे रहे हैं। उन्होंने ब्राह्मण, जाट व गुर्जर समाज की महिलाओं के बारे में अपमानजनक बयान दिया है। कहा गया कि यदि सपा नेता को मुस्लिम धर्म अच्छा लगता है तो वह हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपना सकते हैं।