एमएलसी चुनाव में मेरठ-गाजियाबाद सीट पर सपा निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी को सपा में शामिल करने के बाद बुधवार को भी सपाइयों ने जोड़तोड़ कर दो और प्रत्याशियों को अपने पाले में ले लिया है।
अनीता पहाड़पुरिया को सपा मंगलवार को ही अपने खेमे में ले आई थी। ऐसे में अब सिर्फ हबीब अहमद पिलखुवा ही सपा प्रत्याशी के सामने हैं। अपने प्रत्याशी राकेश यादव को निर्विरोध निर्वाचित कराने के लिये देर रात सपा नेताओं ने दावा किया कि हबीब अहमद पिलखुवा भी पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में आ गए हैं।
साथ ही बृहस्पतिवार को नामांकन वापसी के आखिरी दिन राकेश यादव के निर्विरोध निर्वाचन पर मुहर लगने का भी दावा किया।
एमएलसी चुनाव में सपा ने पूरा जाल बिछा दिया है। पहले जहां रालोद के योगेश धामा को पर्चा दाखिल न करने के लिए मनाया, वहीं भाजपा खेमे में सेंधमारी कर प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह को अपने पाले में शामिल कर लिया। अब अनीता पहाड़पुरिया को भी पर्चा वापस लेने के लिए मना लिया है।
वहीं, बुधवार देर शाम सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह ने तिलकराम जाटव को भी सपा में शामिल करा लिया। तिलकराम ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को अपना पर्चा वापस ले लेंगे। सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह ने बताया कि देर रात राहुल मवाना भी सपा प्रत्याशी के समर्थन में आ गए।
इस पर राहुल ने कहा कि सपा प्रत्याशी राकेश यादव की बेहतर छवि और मेरठ की जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए वह अपना पर्चा वापस ले लेंगे। एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी समेत कुल छह दावेदारों में से चार सपा के खेमे में आ चुके हैं।
इसके बाद देर रात तक चले जोड़तोड़ के खेल में सपाइयों ने दावा किया कि उन्होंने हबीब अहमद पिलखुवा को भी अपने पाले में ले लिया है। इस संबंध में औपचारिक घोषणा बृहस्पतिवार को नामांकन वापसी के दिन हो जाएगी।