फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘शाहिद ने आजम से मिलकर मेरा टिकट कटवाना चाहा’

Tue, 05 Jan 2016 02:45 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा ने सोमवार को वीडियो बम फोड़ते हुए सनसनी फैला दी। सरधना से भाजपा विधायक ठा. संगीत सोम ने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी सीमा प्रधान के पति समाजवादी छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान के बयानों के तीन वीडियो जारी किए हैं।
विज्ञापन


संगीत सोम ने दावा किया कि इन वीडियो में अतुल प्रधान जिला पंचायत सदस्य चुनाव लड़ने से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी तय होने तक की पूरी कहानी बयां कर रहे हैं। उनका दावा है कि वीडियो में अतुल ने भाजपा विधायक संगीत सोम, कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर और बसपा के पूर्व विधायक योगेश वर्मा के एक साथ होने की बात कही है।

वीडियो के जरिये दावा किया गया है कि मुख्यमंत्री ने अतुल के सामने शाहिद मंजूर को बुलाकर कहा कि अतुल की पत्नी को चुनाव लड़वाओ और उससे पैसे मत मांगना। अतुल का यह बयान जहां सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। वहीं, संगीत सोम का कहना है कि अब तक जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में पैसे का खेल न होने का दावा करने वाले सपा नेताओं की पोल खुल गई है।
विज्ञापन


सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ प्रेसवार्ता में मौजूद विधायक ठा. संगीत सोम ने करीब छह मिनट के तीन वीडियो जारी किए। यह वीडियो रिकॉर्डिंग पांच दिन पहले की ही है, जिसमें अतुल प्रधान परतापुर के घाट गांव में एक बैठक को संबोधित करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो का सार
अतुल प्रधान ने वीडियो में अपने चुनावी सफर को विस्तार से बयां किया है। वीडियो में उन्होंने कहा है कि जब तक सपा ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया था और नवाजिश के उम्मीदवार बनने की उम्मीद थी, तब तक संगीत सोम शांत बैठे थे। जैसे ही अतुल प्रधान की पत्नी को प्रत्याशी बनाया गया, वह सक्रिय हो गए। अतुल इस वीडियो में कह रहे हैं कि कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर, भाजपा विधायक ठा. संगीत सोम और बसपा के पूर्व विधायक योगेश वर्मा एकजुट होकर उनका टिकट कटवाने में लगे रहे और सभी उन्हें हराना चाहते हैं।
 
अपनी दावेदारी पर तर्क
अतुल ने वीडियो में यह भी कहा कि उनकी पत्नी का टिकट कटवाने के लिए शाहिद मंजूर अपने धुर विरोधी नगर विकास मंत्री आजम खां से भी मिले और सारे शिकवे दूर कर नवाजिश की दावेदारी सुनिश्चित कराने की सिफारिश करने को कहा। साथ ही अतुल ने बताया कि वह मुख्यमंत्री से मिले और कहा कि मेरठ में पांच दर्जा प्राप्त और एक कैबिनेट मंत्री एक ही समुदाय से हैं। जब सारी लालबत्ती एक ही वर्ग पर हैं तो दूसरा वर्ग क्यों वोट देगा। इन परिस्थितियों को देखते हुए ही उन्हें दावेदारी दी गई है।

45 मिनट तक हुई थी वार्ता
विधायक सोम द्वारा जारी वीडियो में अतुल प्रधान कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री ने कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर को उनके सामने ही अपने आवास पर बुलाया। करीब 45 मिनट तक वार्ता हुई। बकौल अतुल प्रधान, अंत में मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अतुल की पत्नी सीमा प्रधान ही चुनाव लड़ेगी। साथ ही मंत्री शाहिद मंजूर को निर्देश दिया कि जाओ अतुल की पत्नी को चुनाव लड़ाओ।

ये है समाजवाद का चेहरा : संगीत सोम
इस वीडियो को वायरल करते हुए ठा. संगीत सोम ने कहा कि यह समाजवाद का चेहरा है। एक तरफ विकास के नाम पर वोट लेने की बात करने वाले इस वीडियो में साफ पैसे की बात करते नजर आ रहे हैं। अतुल यदि झूठ बोल रहे हैं तो मुख्यमंत्री को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। नहीं तो स्वीकार करना चाहिए वह   चुनाव में पैसे का लेन-देन करा रहे हैं। 

एमडीए वीसी का वीडियो आना बाकी
सोम ने कहा कि एमडीए वीसी इस चुनाव में पार्टी बन रहे हैं। उनका भी वीडियो छह जनवरी को वायरल करेंगे। छह को अपने प्रत्याशी का बहुमत भी सार्वजनिक करेंगे।

‘हम भी देखेंगे क्या है वीडियो में’
एमडीए वीसी राजेश कुमार का कहना है कि आरोप निराधार हैं। किसी भी अधिकारी का ऐसे चुनावों में हार-जीत से क्या लेना देना? यदि उनके पास ऐसे वीडियो हैं तो जारी करें। हम भी देखेंगे उसमें क्या है?

मेरी आवाज नहीं, विरोधियों की साजिश : अतुल
मेरठ। पूरे प्रकरण पर अतुल प्रधान का कहना है कि विरोधी उन्हें फंसाने के लिए हर चाल चल रहे हैं। इस वीडियो में उनकी आवाज नहीं, बल्कि उनकी आवाज की नकल है। मंत्री के साथ संबंधों को लेकर विरोधी लगातार गलतफहमी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। शाहिद मंजूर पिता के समान हैं और मुझे ऐसे चुनाव लड़ा रहे हैं, जैसे कि नवाजिश को लड़ाते। वीडियो की बात करके मेरी छवि को खराब करने की साजिश रची गई है।

 मेरी आवाज को तोड़मरोड़ कर पेश किया गया और जानबूझकर ऐसे वाक्य डाले गए, जिससे वीडियो सही लगे। मैंने हमेशा पार्टी और मुख्यमंत्री के लिए जमीन से जुड़कर काम किया है। इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया है। संघर्ष की राजनीति में यहां तक पहुंचा हूं और अब ओछी राजनीति में मुझे घसीटा जा रहा है।

चुनाव में बेवजह इस तरह की बातें हो रही हैं। पार्टी में सभी एकजुट हैं और सपा प्रत्याशी को जिताने के लिए काम कर रहे हैं। दूसरे दल बौखलाहट में ऐसी अफवाहें फैलाकर अपनी हताशा को दर्शा रहे हैं। अतुल सहित पार्टी के आला नेताओं से भी मेरी बात हुई है, सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। - शाहिद मंजूर, कैबिनेट मंत्री
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें