खरखौदा (मेरठ)। कस्बा खरखौदा में स्वर्णकार फार्म हाउस के सामने बाइक ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार हापुड़ में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें पहले एनसीआर मेडिकल कॉलेज तथा बाद में नोएडा के निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिसकर्मी की हालत नाजुक बताई जा रही है।
खरखौदा पुलिस के अनुसार शामली के थाना कांधला क्षेत्र के गांव जसाला निवासी हेड कांस्टेबल प्रवेश कुमार यातायात पुलिस में हापुड़ में तैनात है। पुलिसकर्मी का परिवार मेरठ में रहता है। प्रवेश कुमार प्रतिदिन मेरठ से ही हापुड़ ड्यूटी करता है। सोमवार को भी वह बाइक से सुबह हापुड़ के लिए निकला था। कस्बा खरखौदा में स्वर्णकार फार्म हाउस के सामने बाईपास कट पर सामने जा रही ट्रैक्टर-ट्राॅली से बाइक टकरा गई। इसमें प्रवेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल पुलिसकर्मी के परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए क्षेत्र के एनसीआर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया लेकिन हालत गंभीर होने पर नोएडा के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। चर्चा है कि पुलिसकर्मी की हालत नाजुक बताई जा रही है।