मेरठ। देहलीगेट थाना क्षेत्र के जत्तीवाड़ा स्थित मंदिर से रविवार को निकाली जा रही गणेश विसर्जन यात्रा को पुलिस द्वारा रोकने पर बखेड़ा हो गया। श्रद्धालुओं की पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। इस दौरान पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं, एक वाहन सीज कर दिया।
जत्तीवाड़ा मंदिर से रविवार सुबह गणेश विसर्जन यात्रा निकालने की तैयारी शरू हुई। इसी दौरान किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। इसलिए यात्रा शुरू होते ही देहलीगेट पुलिस पहुंच गई और यात्रा रोक दी। इस पर श्रद्धालुओं ने हंगामा कर दिया। इसी बीच इंस्पेक्टर देहलीगेट राजेंद्र त्यागी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने श्रद्धालुओं को समझाने का प्रयास किया परंतु वे नहीं माने। इस पर पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं, एक टाटा मैजिक वाहन को सीज कर दिया। इंस्पेक्टर देहलीगेट राजेंद्र त्यागी ने बताया कि श्रद्धालु यात्रा निकालकर विसर्जन के लिए गढ़मुक्तेश्वर जा रहे थे। उससे पहले ही उन्हें रोक दिया गया। पांच लोगों के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर उन्हें नोटिस देकर छोड़ दिया। वहीं, मूर्ति को विसर्जन के लिए भेज दिया।