किठौर। कस्बे में मवाना रोड स्थित कब्रिस्तान में परवेज नामक युवक के लगी गोली के मामले में पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर पूर्व चेयरमैन के भतीजे के खिलाफ मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि मंगलवार शाम किठौर निवासी जुल्फिकार पुत्र आस मोहम्मद ने बताया कि उसका भाई परवेज कस्बा निवासी शहजाद पुत्र मरगूब के साथ जंगल में घूमने जा रहा था। इसी दौरान आरिफ के लीची के बाग में मेड़ से पैर फिसलने से शहजाद के हाथ में हथियार से गोली चल गई। जिसके लगने से परवेज घायल हो गया। इसके बाद घायल को मेरठ के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में थाना पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्ट्या मामला अवैध हथियार से खेलने के दौरान गोली लगने का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस कई बिंदु पर जांच कर रही है। हथियार कहां से आया उसकी भी जानकारी की जा रही है। उधर, पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी को पांच टीमें लगाई गई। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।