मेरठ। शब-ए-बरात पर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। दीनी जलसों के मद्देनजर रूट भी डायवर्ट किया गया। शहर में दो कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स और एक कंपनी पीएसी तैनात की गई थी। आतिशबाजी के संभावित क्षेत्रों में पुलिस ने फ्लैग मार्च भी किया। महताब सिनेमा के पास सड़क पर टैंट लगाने पर जाम के हालात हो गए। पुलिस ने टैंट पीछ़े हटवा दिए।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ आतिशबाज़ी और स्टंटबाजी पर नजर रखने से ड्रोन से निगरानी कीग ई। लिसाड़ी गेट, ब्रह्मपुरी, कोतवाली और दिल्ली गेट थाना क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी की गई। इसके अलावा प्रत्येक थाना क्षेत्र में दो-दो ड्रोन से निगरानी की गई। कमेला क्षेत्र के इर्द-गिर्द पुलिस तैनात रही। शब-ए-बरात पर संभावित आतिशबाजी के मद्देनजर शहर में विभिन्न स्थानों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी तैनात किया गया। बेगम पुल और घंटाघर पर पुलिस फोर्स का जमावड़ा रहा।
शहर में आठ स्थानों पर फायर ब्रिगेड और पांच स्थानों पर छोटी फायर ब्रिगेड को तैनात किया गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह, एएसपी अंतरिक्ष जैन आदि अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण पर रहे।