कबाड़ी बाजार स्थित रेड लाइट एरिया में सोमवार रात रेस्क्यू फाउंडेशन और चार थानों पुलिस ने छापेमारी कर कोठे से दस लड़कियों को मुक्त कराया है। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी दिनेश सिंह ने बताया कि दबिश के दौरान राजबाला के कोठे से दस लड़कियां बरामद की गईं, मौके से नवील, अंकित, अनवर और सुभाष को गिरफ्तार किया गया। इन लड़कियों में अधिकांश राजस्थान की है। जिनका मंगलवार को मेडिकल परीक्षण होगा। पूछताछ में सामने आया कि राजस्थान और अन्य स्थानों से लड़कियों का अपहरण कर उन्हें पहले दिल्ली और वहां से मेरठ के कोठों पर बेचा गया। संस्था की सदस्यों ने लड़कियों के परिजनों से बात की। दो लड़कियों के परिजनों को वह साथ लेकर आये थे। एसपी सिटी का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी।