मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के हुमायूं नगर निवासी 17 वर्षीय किशोरी सानिया की गला दबाकर हत्या के मामले में आरोपी सौतेला भाई शोएब चार दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस आरोपी की तलाश में मेरठ, मुजफ्फरनगर समेत कई जगह दबिश दे रही है। मगर हत्यारोपी का सुराग नहीं लग पा रहा है। आरोपी का मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है। आरोपी ने जाकिर कॉलोनी निवासी मामा सरताज के साथ मिलकर प्रेम प्रसंग के शक में किशोरी की दुपट्टे से गला दबाकर 29 मई की देर रात हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामा को घटना वाले दिन ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल ने बताया कि हुमायूं नगर निवासी जावेद कारपेंटर का काम करता है। बकरीद के चलते वह अपनी पत्नी शाहजहां के साथ ससुराल गया हुआ था। घर पर सिर्फ दोनों बेटियां थी। पुलिस को सूचना मिली की नरहाड़ा गांव के जंगल में एक किशोरी का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच में किशोरी की पहचान सानिया के रूप में हुई थी। पुलिस ने परिजनों को मामले की जानकारी दी थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार दो संदिग्ध को घटनास्थल के पास से निकलते हुए देखा था। पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान किशोरी के मामा सरताज व सौतेले भाई शोएब के रूप में हुई। पुलिस ने सरताज को पकड़ लिया। आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि उसकी भांजी का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर उसने अपनी किशोरी को समझाने का प्रयास किया था। आरोपी मामा व सौतेले भाई ने दुपट्टे से गला दबाकर हत्या की कर दी थी। 30 मई की सुबह आरोपी किशोरी के शव को बाइक से लेकर नरहाड़ा के जंगल पहुंचे और शव फेंक कर भाग गए थे।
सीओ कोतवाली का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीम लगी हुई है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।