जानीखुर्द। कस्बा सिवालखास में कोरोना संक्रमित युवक के मिलने के बाद प्रशासन ने सिवालखास के वार्ड दो को हॉट स्पॉट घोषित कर सील कर दिया है। वहीं, शनिवार को पुलिस ने कस्बे में लॉकडाउन का पालन कराया।
कस्बा सिवालखास में शुक्रवार रात वार्ड दो निवासी एक युवक को कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने क्षेत्र को सील कर दिया था। शनिवार को एसडीएम सदर और सीओ सरधना पंकज सिंह ने कस्बा सिवालखास का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष और ईओ को कस्बे को सैनिटाइज कराने के लिए कहा। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने कोरोना संक्रमण पाए युवक के वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने पुलिस को कस्बे में लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कराने का आदेश दिया। लॉकडाउन का पालन नहीं करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। वहीं, पुलिस ने शनिवार को कस्बे में कोरोना संक्रमित युवक के पाए जाने के बाद बैंक समेत किसी भी कार्यालय और बाजार को नहीं खुलने दिया। बाजारों में पूरे दिन पुलिस गश्त करती रही। वहीं, दुकानें बंद होने से लोग परेशान रहे। ग्रामीणों के अनुसार अभी तक प्रशासन ने कस्बे में परचून के सामान आदि की होम डिलीवरी का प्रबंध नहीं किया है। जिससे रोजेदारों को दिक्कतें आ रही हैं।