फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शांत नहीं हम मौन हैं...मुजफ्फरनगर में शुरू हुआ पुलिसकर्मियों का पोस्टर वॉर, लगाए गए विवादित पोस्टर्स

Tue, 23 Oct 2018 11:54 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर न्यूज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शांत नहीं हम मौन हैं, 2019 में बताएंगे हम कौन हैं ? यूपी के मुजफ्फरनगर में इसी स्लोगन के साथ लगाए गए पोस्टरों ने पुलिस विभाग में सनसनी फैला दी है। समस्त पुलिस परिवार उत्तर प्रदेश के द्वारा लगाए गए पोस्टरों में अपनी मांगे रखने के साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव में उस पार्टी को वोट करने की बात कही गई है, जो पुलिस का संपूर्ण सुधार करेगी। विवादित पोस्टर जहां जनपद में चर्चा का विषय बने हुए हैं, वहीं आला अफसर इसे शरारती तत्वों की करतूत बताते हुए पूरे मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं। 
विज्ञापन


शहर कोतवाली क्षेत्र के नावल्टी चौक स्थित एक यूनीपॉल पर सोमवार को विवादित पोस्टर लगा दिए गए, जिनमें खुद को समस्त पुलिस परिवार इंगित करते हुए चार प्वाइंटर के माध्यम से पुलिस हितैषी मांगे रखते हुए अंत में आगामी लोकसभा चुनाव में उसी पार्टी को वोट करने की बात कही गई है, जो पुलिस विभाग का संपूर्ण सुधार करे।

सफेद रंग के प्लेन पोस्टर में की गई पहले प्वाइंटर में पुलिस की वेतन विसंगतियां दूर करने, दूसरे प्वाइंटर में बॉर्डर स्कीम को पूर्णत: समाप्त किए जाने, तीसरे प्वाइंटर में पुरानी पेंशन बहाल किए जाने की मांग की गई है। शाम के समय शहर में लगाए गए पोस्टरों की जानकारी वायरल होने के साथ ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
विज्ञापन


आनन-फानन में अफसरों ने एलआईयू को मामले की जांच के आदेश दिए गए। मामले में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि उक्त पोस्टर प्रकरण की जांच करा ली गई है। उक्त पोस्टर से किसी भी पुलिसकर्मी का कोई लेना-देना नहीं है। प्रथम दृष्टया जांच में पोस्टर किसी शरारती तत्वों द्वारा लगवाए जाने की बात सामने आ रही है, जिनका पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन

सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे पोस्टर 

शहर के नावल्टी चौक स्थित यूनीपॉल पर लगाए गए विवादित पोस्टर के साथ ही सोशल मीडिया पर कुछ ग्रुपों में यूपी पुलिस 2019 चुनाव बहिष्कार संबंधी पोस्टर भी बहुत तेजी के साथ वायरल किया जा रहा है।

उक्त पोस्टरों में भी कई विसंगतियों पर उंगली उठाते हुए पुलिस विभाग से संबंधित मांगे रखी गईं हैं। मांगे नहीं मानने पर उसमें भी 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर बहिष्कार की चेतावनी दी गई है। हालांकि अफसरों ने उक्त मामले में भी जानकारी होने से इंकार करते हुए इसे किसी की साजिश करार दिया है। 

विपक्षी दलों की तो नहीं है साजिश 
शहर के नावल्टी चौक पर लगाए गए विवादित पोस्टरों को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा के साथ ही प्रशासन भी सकते में हैं। उक्त पोस्टरों की शैली सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे स्लोगन से काफी हद तक मिलती-जुलती भी है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि उक्त पोस्टर वॉर विपक्षी राजनीतिक दलों की साजिश भी हो सकती है।

एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि जिस तरह उक्त पोस्टर लगाने के लिए चौकी या थाने के आसपास को छोड़कर नावल्टी चौक जैसा स्थान चुना गया, वह किसी तीसरे तत्व की तरफ भी इशारा कर रहा है, जिस संबंध में जांच की जा रही है। 

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें