हत्यारोपी बुर्का पहनकर पहुंचा कोर्ट
एक हफ्ते के भीतर सीकरी के पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार और लुत्फुर्रहमान की हत्याओं को अंजाम देने के आरोपी दिलशाद ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस उसकी घेराबंदी में लगी रही, जबकि वह बुर्का पहनकर कोर्ट में पेश हो गया।
मुजफ्फरनगर में भोपा के गांव सीकरी में पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार और पूर्व प्रधान जमशेद पक्ष के बीच जिला पंचायत चुनाव को लेकर बीते कई वर्षों से खूनी रंजिश चली आ रही है। रंजिश के चलते 16 अक्तूबर 2015 को तस्लीम की हत्या हुई थी। इस हत्या में नामजद जमशेद प्रधान, उसके भाई गुलसनव्वर और नौशाद जेल में बंद हैं। तस्लीम हत्याकांड की पैरवी पूर्व प्रधान मोहम्मद अम्मार कर रहा था। इसी कारण 22 अगस्त को शहर के आर्यपुरी में मोहम्मद अम्मार की हत्या कर दी गई। अम्मार हत्याकांड में जमशेद प्रधान के भाई दिलशाद पुत्र इशरत को भी नामजद किया गया था। इस घटना के एक सप्ताह बाद ही अम्मार प्रधान पक्ष के ग्रामीण लुत्फुर्रहमान की 31 अगस्त को सीकरी गांव में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड में भी दिलशाद को नामजद कराया गया था। शहर कोतवाली और भोपा पुलिस तभी से दिलशाद की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को उसके कोर्ट में पेश होने की जानकारी पुलिस को लगी। पुलिस ने नाकेबंदी कर रखी थी, मगर हत्यारोपी दिलशाद ने पुलिस को चकमा देते हुए बुर्का पहनकर एक महिला अधिवक्ता के साथ कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस को उसके सरेंडर करने के बाद पता चला कि वह बुर्का पहनकर कोर्ट में पेश हो चुका है। कोर्ट ने दिलशाद को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/