मवाना। गांव खेड़की जदीद के ग्राम प्रधान पर एलएमसी जमीन पर टिन शेड डालकर कब्जाने के मामले में एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव के आदेश पर पुलिस ने मौके पर पहुंच निर्माण कार्य रुकवा दिया। दोनों पक्षों को कागजात लेकर बुलाया है।
गांव खेड़की जदीद निवासी बलराज पुत्र रामकला व प्रवीण कुमार ने एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव को शिकायती पत्र देकर एलएमसी की जमीन पर ग्राम प्रधान द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण करने का आरोप लगाया। इसे एसडीएम ने गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी विनय कुमार आजाद को तत्काल प्रभाव से सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को रुकवाने के आदेश दिए। इस पर पुलिस गांव में पहुंची तथा निर्माण की वीडियोग्राफी कराने के बाद ग्राम प्रधान अजय उर्फ बॉबी को मौके पर बुला लिया और सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को फिलहाल रुकवा दिया। वहीं, ग्राम प्रधान का कहना है कि जमीन पर अवैध निर्माण की शिकायत फर्जी है। उनके पास जमीन के सभी कागजात हैं। मामला अपर तहसीलदार के न्यायालय में लंबित है।