खेत में मिले बोरे में भरे पशुओं के अवशेष
सरधना। खिर्वा नौआबाद कंकरखेडा मार्ग पर एक शिक्षण संस्थान से चंद कदम की दूरी पर एक खेत में मांस व पशुओं के अवशेष से लदे पांच बोरे रखे हुए थे। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी और साथ ही अंदेशा जताया कि बोरों में गोवंश के अवशेष हो सकते है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मांस व पशुओं के अवशेषों की बिना पशु चिकित्सक से जांच कराए ही गड्ढा खुदवाकर दबवा दिया। खिर्वा नौआबाद के ग्रामीण बृहस्पतिवार को अपने खेतों पर जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि खिर्वा-कंकरखेडा मार्ग पर एक शिक्षण संस्थान से चंद कदम की दूरी पर सड़क किनारे जोगेंद्र पुत्र अभयराम के खेत में पांच बोरे रखे थे। जिसमें गोवंश के अवशेष होने की आशंका जताई जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अवशेष को दबवा दिया। सूचना पर गोचर सेवा समिति के अध्यक्ष ब्रह्मपाल गोस्वामी के साथ काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस की कार्रवाई से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक का कहना है कि बोरों में भरे हुए पशुओं के अवशेष मिले थे। अवशेष गोवंश के थे, यह स्पष्ट नहीं हो सका। मामले की जांच की जा रही है।