लालकुर्ती में व्यापारी से 20 लाख की रंगदारी में पुलिस खाली हाथ
मेरठ। लालकुर्ती में कपड़ा व्यापारी से 25 लाख रुपये से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस तीसरे दिन भी खाली हाथ रही। पुलिस का दावा कि बदमाशों ने पूरा प्लान बनाने के बाद रंगदारी के लिए व्यापारी की पत्नी को कॉल की। पीड़ित व्यापारी की सुरक्षा में एक पुलिसकर्मी लगाया गया है।
लालकुर्ती के पैठ बाजार में नय्यर क्लॉथ हाउस के मालिक सतनाम सिंह नय्यर की पत्नी मनमोहन कौर के मोबाइल पर आठ जून को कॉल आई। आरोप है कि बदमाशों ने 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। बदमाशों ने कहा कि उनके बेटे गुरुजोत सिंह पर भी दो बार हमला किया गया है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश है।
व्यापारियों का कहना है कि यदि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है तो वे आंदोलन करेंगे। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी कोई भी सुराग नहीं लगा है। पुलिस पड़ताल में लगी है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि लाल कुर्ती पुलिस के साथ-साथ एसओजी की टीम भी बदमाशों को ढूंढने में लगी है।
वहीं, संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता और उनके साथी व्यापारी नेता ने पीड़ित व्यापारी के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। शुक्रवार को पुलिस ने व्यापारी को सुरक्षा दे दी है। पीड़ित व्यापारी का कहना है कि उनके बेटे पर भी दो बार हमला हो चुका है। पुलिस ने पहले वाली वारदात में लीपापोती की ओर मुकदमे में एफआर लगा दी है। इस मामले में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई करें। आरोपियों को जल्द पकड़ा जाए।