‘जाम की परीक्षा’ में पुलिस फेल, बंद करने पड़े ट्रैफिक सिग्नल
मेरठ। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा (पीईटी) के दौरान यातायात पुलिस के इंतजाम फेल हो गए। दूसरे दिन रविवार को भी शहर में दो पालियों में 43361 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दोपहर 12 बजे और शाम को 5 बजे परीक्षा छूटी तो हर तरफ सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और कंट्रोल रूम से सभी आठ चौराहों के ट्रैफिक सिग्नल दोपहर और शाम को दो-दो घंटे के लिए बंद करने पड़े।
रोहटा रोड रेलवे साइडिंग फाटक पर रविवार को भीषण जाम लग गया। यहां दो घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे, लेकिन ट्रैफिक पुलिस नहीं पहुंची। जाम में फंसे देवपुरी निवासी राजीव चड्ढा ने बताया कि जाम में फंसने की वजह से वह वह काली पलटन पर बाबा औघड़नाथ मंदिर की आरती में शामिल नहीं हो पाए। सरस्वती विहार निवासी अखिलेश परिवार समेत रोहटा रोड फ्लाईओवर पर फंस गए। दिल्ली रोड पर रैपिड रेल के निर्माण कार्य की वजह से दिल्ली व बागपत की ओर जाने वाली रोडवेज बसें और ट्रक भी रोहटा रोड की तरफ डायवर्ट किए गए हैं। ऐसे में परीक्षा की वजह से यहां हालात और विकट हो गए। एसपी ट्रैफिक जितेन्द्र श्रीवास्तव यातायात संभालने के लिए सोहराबगेट डिपो पर डटे रहे।
बाजारों में भीषण जाम
दिवाली के लिए खरीदारी की वजह से बाजारों में भी जबरदस्त भीड़ है। ऐसे में पीईटी ने मुश्किलें और बढ़ा दीं। कई बाजारों में लोगों को पैदल निकलने में भी मुश्किल हुई।
इन मार्गो पर लगा जाम
रोहटा रोड, बागपत रोड, शारदा रोड, ओडियन रोड, लिसाड़ी रोड, भूमिया पुल से हापुड़ अड्डे तक, गढ़ रोड, जीरो माइल, सेंट्रल मार्केट, आबूलेन और सदर बाजार में रविवार होने के बावजूद भी दिनभर जाम लगा रहा। वहीं, बिजली बंबा बाइपास पर शाम के समय भीषण जाम लग गया। जाम में फंसे लोगों ने अन्य मार्गों से आना-जाना शुरू किया तो उन्हें वहां भी जाम का सामना करना पड़ा।
परीक्षा छूटने के बाद बस अड्डों पर भारी भीड़
पीईटी की पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक थी। दोपहर 12 बजे परीक्षा छूटने के बाद एक बजे तक सोहराब गेट डिपो पर हजारों की संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। एआरएम जगदीश शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए पहले ही बसों की संख्या और फेरे बढ़ाए गए थे।
प्राइवेट बस बुक कर पहुंचे अभ्यर्थी
हजारों की संख्या में परीक्षार्थी ऐसे भी रहे जो खुद अपनी बसें बुक करके शहर में पहुंचे। चंदौसी जिले से ही तीन निजी बसों को बुक कर परीक्षार्थी यहां पहुंचे। ट्रैफिक पुलिस की ओर से इन बसों को शहर के बाहर गढ़ रोड स्थित राधा गोविंद मंडप के बाहर ही रोक दिया गया। कुछ बसें अजंता कालोनी के बाहर रोकी गई। दर्जनों बसें शहर की सीमा पर खड़ी करवाई गई जिससे शहर में जाम की स्थिति न बनें।