मेरठ। बली गांव में प्रधान के बेटे अनित गुर्जर की हत्या के बाद निर्दोष युवकों को उठाकर थाने में थर्ड डिग्री देने के आरोपी पुलिसकर्मियों पर जांच बैठ गई है। जहां हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक ने इस मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पीड़ित युवक ने भी एसएसपी ऑफिस पर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस की पिटाई से युवक के पैर में फैक्चर आया है। कई जगह चोट के निशान मेडिकल रिपोर्ट में मिले हैं।
रविवार सुबह हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक ने दावा किया था कि परीक्षितगढ़ पुलिस ने गांव के कुछ निर्दोष लोगों को उठाकर ‘थर्ड डिग्री’ दी है। विधायक और बली गांव के लोगों के आक्रोश को देखकर पुलिस को हिरासत में लिए युवकों को छोड़ना पड़ा। सोमवार को एक पीड़ित सुमित कुमार ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की है कि एक दरोगा और अन्य पुलिसकर्मियों ने हवालात में बंद कर बेरहमी से पीटा। उसके अलावा मनोज और पवन की भी पिटाई की गई। वहीं, भाजपा विधायक दिनेश खटीक विधायक सोमेंद्र तोमर और विधायक सत्यवीर त्यागी से भी मिले। ऐसे में उच्च अधिकारियों ने आरोपी पुलिसकर्मियों पर जांच बैठा दी है। माना जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मियों पर जल्द ही गाज गिर सकती है।