संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के गांव नवाबगढ़ी में एक महिला ने पुलिसकर्मियों पर बुधवार देर रात घर में घुसकर मारपीट और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव नवाबगढ़ी निवासी जरीना पत्नी हासिम ने बताया कि बुधवार की देर रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थीं। तभी कुछ पुलिसकर्मी उनके घर के मुख्य गेट पर जोर-जोर से दस्तक देने लगे। गेट खोलने पर बाहर 8-10 पुलिसकर्मी खड़े मिले। आरोप है कि पुलिसकर्मियों में शामिल एक उपनिरीक्षक ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके बेटे के बारे में पूछताछ की। महिला का कहना है कि जब उन्होंने बताया कि उनका बेटा घर पर नहीं है तो उपनिरीक्षक ने लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ के अंगूठे में चोट लग गई। पीड़िता का आरोप है कि पुलिसकर्मी जबरन घर में घुस गए और बेटे को छिपाने का आरोप लगाते हुए ऊपर की मंजिल पर पहुंच गए, जहां उनकी बेटी सो रही थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बेटी को उठाकर उसके साथ भी मारपीट की। महिला का कहना है कि जाते समय पुलिसकर्मियों ने दोबारा आने की धमकी दी। घटना के बाद से परिवार दहशत में है।
पीड़िता ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।