- चारों ने 4.25 लाख रुपये और 20 तोले सोने की चोरी की थी
संवाद न्यूज एजेंस
मवाना। थाना मवाना क्षेत्र के दूधली गांव में रविवार देर रात तीन मकानों में दुस्साहसिक चोरी हुई। चोरों ने लगभग 4.25 लाख रुपये की नकदी और 20 तोले सोने के जेवरात चुराए। घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे ग्रामीणों में रोष और भय का माहौल है।
चोरों ने दो सगे भाइयों राहुल और सुमित के मकानों को निशाना बनाया था। उन्होंने पड़ोसी इंद्रपाल और प्रदीप के घरों में भी चोरी की। वारदात के समय सभी परिवार घरों के अंदर सो रहे थे। किसी को भी चोरी की भनक तक नहीं लगी। शातिर चोरों ने जाते समय पीड़ितों के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए। उन्होंने प्रदीप के जीने के दरवाजे में टी-शर्ट फंसा दी ताकि कोई उनका पीछा न कर सके। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया था।
सूचना मिलने पर सीओ पंकज लवानिया और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पीड़ित राहुल की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि मामले के जल्द खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगी हैं। विभिन्न कोणों से जांच जारी है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
-