यहां से मिली लाइन
एसएसपी ने बताया कि जांच में पता चला कि श्यामनगर लिसाड़ी गेट निवासी जीनत की शादी रशीदनगर निवासी अशरफ से हुई थी। जीनत एक अप्रैल की शाम चार बजे से लापता थी। जीनत के भाई इश्तियाक ने थाना लिसाड़ी गेट पर अशरफ और उसके परिजनों के खिलाफ मारपीट और दहेज एक्ट में केस दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान जीनत की बेटी सोफिया ने बताया था कि उसकी मां का अफसाना नाम की महिला के यहां आना जाना था। दो अप्रैल की सुबह आठ बजे भी जीनत को अफसाना के घर देखा गया था। इस बीच अफसाना की आग में जलकर मौत होने पर जांच आगे नहीं बढ़ पाई थी। अब अफसाना ने खुलासा किया कि उसने मोहल्ले की ही जीनत से दोस्ती कर ली थी। दो अप्रैल को उसे घर बुलाकर खाने में नशीला पदार्थ दे दिया था। उसके बेहोश होने पर घर में मिनी सिलिंडर से आग लगाकर अफसाना वहां से चुपके से निकलकर सीधे प्रवीण के पास गोकुलपुर पहुंच गई थी।
गर्भवती होने पर अफसाना को ठुकराया
एसएसपी के अनुसार प्रवीण व अफसाना में करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग था। अफसाना ने प्रवीण को निशा नाम बताया था। अफसाना व प्रवीण गोकुलपुर में रहने लगे। प्रवीण को पता चला कि अफसाना गर्भवती है। जिस पर प्रवीण ने पहचान खुलने पर उसे ठुकरा दिया था। जिसके बाद अफसाना शिकायत लेकर महिला थाने पहुंची थी। यहां उसकी पोल खुल गई थी। अफसाना की सहेली आयशा के प्रेमी टेंपो चालक कासिफ से प्रवीण की दोस्ती थी। उसने अफसाना से प्रवीण की मुलाकात कराई थी।
यह पुलिस की घोर लापरवाही
जीनत एक अप्रैल से लापता थी। इसकी जानकारी उसके मायके और ससुराल वालों को थी। जीनत के भाई ने ससुराल वालों पर केस भी दर्ज करा रखा था। लेकिन हैरान की बात है कि लिसाड़ी गेट पुलिस ने लापता जीनत को एक माह तक तलाश क्यों नहीं किया। यदि अफसाना महिला थाने न पहुंचती और उसका भेद न खुलता तो जीनत की मौत से कभी भी पर्दा नहीं उठता। अब खुलासा होने पर पुलिस ने दहेज एक्ट के दर्ज मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम किया है।
डीएनए टेस्ट में खुलेगा राज
एसएसपी नितिन तिवारी का कहना है कि डीएनए टेस्ट रिपोर्ट से पूरी तरह साफ होगा कि दो अप्रैल को अबरार के घर मिला शव जीनत का था या किसी ओर का। क्योंकि अफसाना और जीनत के परिजनों ने पूछताछ में अभी तक यह शव जीनत का ही बताया है।
पुलिस की कहानी में झोल
पुलिस ने खुलासा किया है कि इस वारदात में सिर्फ अफसाना ही आरोपी है। लेकिन एक और महिला का नाम भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा कि उक्त महिला ने अफसाना का सहयोग किया था। लेकिन अफसाना ने किसी का नाम नहीं बताया। लोगों में चर्चा है कि पुलिस ने कई लोगों को बचाया है। परिवार के लोग भी शामिल हो सकते हैं। सवाल है कि अफसाना जिंदा है, इसकी जानकारी लगने के बाद भी परिजन खामोश क्यों थे। वहीं, अफसाना के प्रेमी प्रवीण ने सब जानते हुए क्यों छिपाया।
नोट- इन खबरों के बारे अपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/