गंगानगर। इंचौली पुलिस ने बृहस्पतिवार को बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। उसने बताया कि वह बाइक चोरी करके अपने शौक पूरे करता था।
एसएचओ इंचौली ब्रिजेश कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर इंचौली पुलिस मसूरी तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक सवार शेखर पुत्र जगदीश निवासी तोफापुर को रोककर पूछताछ की गई। वहीं, स्पलेंडर बाइक चोरी की निकली। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। उसने बताया कि वह मवाना, हापुड़ व इंचौली थाना क्षेत्र में बाइक चोरी करता है। पुलिस ने पांच और बाइक बरामद कीं। इनमें हापुड़ व अन्य थाना क्षेत्र से पूर्व में चोरी की थीं। इनमें अपाचे एवं स्पलेंडर बाइक शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी से एक तमंचा भी बरामद किया है। वह मवाना के एक कॉलेज में बीसीए का छात्र है। वह शौक पूरे करने की खातिर बाइक चोरी करता है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।