meerut man died in Delhi violence
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली की हिंसा में लिसाड़ी गेट मेरठ के एक युवक की मौत हो गई। गुरुवार को युवक का शव मुस्तफाबाद दिल्ली में नाले में मिला है। इसकी जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग शव लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। बताया गया कि युवक अपने जीजा के साथ दिल्ली में चाऊमीन की दुकान चलाता था।
शाहजहां कॉलोनी लिसाड़ी गेट निवासी हमजा (25) पुत्र ग्यासुद्दीन अपने जीजा आरिफ निवासी सूरत के साथ मुस्तफाबाद दिल्ली में करीब तीन माह से चाऊमीन की दुकान चला रहा था। 25 फरवरी को दिल्ली में सीएए को लेकर हिंसा हुई थी।
बताया गया कि हमजा 26 फरवरी को जीजा आरिफ से कहकर गया था कि वह दुकान पर जा रहा है। हिंसा में उसकी दुकान भी चपेट में आ गई थी, तभी से हमजा लापता था। काफी तलाश के बाद भी सुराग नहीं लगने पर परिजनों ने दिल्ली के दयालपुर मुस्तफाबाद थाने में हमजा की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। गुरुवार को हमजा का शव मुस्तफाबाद में नाले में मिला। दिल्ली पुलिस की सूचना पर उसके पिता, मां और भाई समीर, याया, जैद और तीन बहनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
घर पर लगी भीड़
दिल्ली की हिंसा में हमजा की मौत की खबर सुनकर उसके घर पर लोगों की भीड़ लग गई। आदर्श सेवा समिति के अध्यक्ष अनस चौधरी सहित कई लोग वहां पहुंचे। पुलिस भी एहतियात सतर्क हो गई। लिसाड़ीगेट पुलिस ने हमजा के परिजनों से कहा कि यह मामला दिल्ली का है। मेरठ में इसको लेकर कोई अफवाह न फैलाएं। लिसाड़ीगेट में सतर्कता बढ़ा दी गई। हमजा का शव शुक्रवार को दिल्ली से आएगा।