मेरठ। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन पुलिस ने प्रभात नगर में छापा मारकर चार कार्टन पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे की बिक्री कर रहे आरोपी अनुराग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बृहस्पतिवार को सिविल लाइन पुलिस को प्रभात नगर में अवैध पटाखे रखे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो वहां से चार कार्टन विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे की बिक्रि कर रहे युवक अनुराग से पटाखे बेचने का लाइसेंस मांगा। इस पर उसने लाइसेंस होने से मना कर दिया। पुलिस आरोपी को लेकर थाने आ गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। एसपी ने बताया कि अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।