उत्तर प्रदेश के शामली में पुलिस ने यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर चेकिंग के दौरान कंटेनर गाड़ी में भरी 245 पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब पकड़ी। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही हैं।
मंगलवार की सुबह एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश पर कैराना कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने यूपी हरियाणा बॉर्डर की यमुना ब्रिज पुलिस चौकी पर चेकिंग अभियान चला रखा था। इसी दौरान हरियाणा की ओर से आ रहे एक कंटेनर को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने कंटेनर को भगाने की कोशिश की। पुलिस ने कुछ दूरी पर जाकर कंटेनर को पकड़ लिया।
पुलिस ने कंटेनर के अंदर से 245 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से दो लोगों गुरुलाल निवासी ग्राम नरायना थाना तरावड़ी जिला करनाल हरियाणा व मेजर सिंह निवासी ग्राम बीड़ा नरायना थाना तरावड़ी जिला करनाल हरियाणा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में बताया कि वे शराब हरियाणा से लाकर यूपी से होते हुए बिहार ले जा रहे थे। आरोपियों से इनके साथ मिले स्थानीय लोगों का भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
चार लाख की स्मैक पकड़ी
सोमवार की देर रात करीब साढ़े 10 बजे कैराना कोतवाली पुलिस ने नशा मुक्त अभियान के तहत कांधला तिराहे के पास चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान पानी की टंकी के पास पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम हादिर निवासी बुढ़नपुर थाना गंगोह जनपद सहारनपुर व फारूक निवासी मोहल्ला आलखुर्द थाना कैराना बताया।
पुलिस ने हादिर के कब्जे से 50 ग्राम व फारुख के कब्जे से 30 ग्राम स्मैक बरामद की हैं। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि तस्करों से बरामद स्मैक की कीमत करीब चार लाख रुपए हैं। स्मैक तस्करों से इनके सरगना के बारे में भी पूछताछ की जा रही हैं। उनके खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।