बहसूमा। एनएच-34 पर झुनझुनी नहर पुल के पास बृहस्पतिवार देर रात शराब के नशे में दो युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। बहसूमा बाईपास के पास सड़क किनारे खड़े होकर युवकों ने गुजर रहे वाहनों पर अचानक पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हालांकि पुलिस को किसी गाड़ी के शीशे टूटने व घायल होने की शिकायत नहीं मिली है। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो युवकों को दबोच लिया। दबोचे गए युवकों के नाम शुभम निवासी झुनझुनी और उसका दोस्त शिवम निवासी गोठड़ा बताया है। पुलिस के मुताबिक दोनों युवक शराब के नशे में थे और बिना किसी वजह के हाईवे पर हंगामा कर रहे थे। पूछताछ में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने बाद में शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि देर रात 112 पर सूचना मिली थी कि एनएच 34 पर कुछ युवक वाहनों पर पत्थर फेंक रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच दो युवकों को मौके से पकड़ा। दोनों नशे में थे।