-15 दिन पहले तीन मकानों में चोरी की वारदात को दिया था अंजाम
- एक आरोपी की पत्नी ने मुठभेड़ पर खड़े किए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
शेरकोट/ बिजनौर। शेरकोट पुलिस ने सोमवार की रात मुठभेड़ में दो बदमाशों नहटौर थाना क्षेत्र के गांव नोधा निवासी आरिफ उर्फ रॉबर्ट पुत्र इंतजार और नगीना थाना क्षेत्र के गांव हरगांव चांदन वाला निवासी नाजिम पुत्र इस्लामुद्दीन को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश पैरों में गोली लगने से घायल हुए हैं। उधर, एक आरोपी की पत्नी ने मुठभेड़ पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सीओ अफजलगढ़ अंजनी कुमार के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों ने दो दिन पहले नगीना थाना क्षेत्र के गांव छोटा किरतपुर और 15 दिन पहले शेरकोट थाना क्षेत्र के गांव मंधौरा में तीन घरों को खंगाला था। आरिफ उर्फ रॉबर्ट पर विभिन्न थाना क्षेत्र में 14 मुकदमे और नाजिम पर पांच केस चल रहे हैं। तीसरे बदमाश नौशाद की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया है। बदमाशों के कब्जे से 2900 की नकदी, आभूषण और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
आरोपी की पत्नी ने जारी की सीसीटीवी फुटेज
आरोपी नाजिम की पत्नी ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए मुठभेड़ पर सवाल खड़े किए हैं। सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके पति को 17 अगस्त को पकड़ लिया था, जिसे मुठभेड़ में गिरफ्तार होना दिखाया है।
वायरल वीडियो की जांच में सामने आया कि सीसीटीवी फुटेज 17 अगस्त का है। तब नगीना पुलिस ने अपराधियों के सत्यापन अभियान के तहत घर जाकर सत्यापित किया था। शेरकोट पुलिस ने 20 अगस्त को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पत्नी के लगाए आरोपों की जांच में पुष्टि नहीं हुई है। - धर्म सिंह मार्छाल, एएसपी पूर्वी