- आरोपी ने किशोरी को रॉकी बनाकर अपने प्रेम जाल में फंसाया था
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कंकरखेड़ा। थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में दसवीं की 16 वर्षीय छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म, अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोपी साहिल उर्फ रॉकी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शहर छोड़कर भागने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी पीड़ित मां ने सोमवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि उसकी नाबालिग बेटी दसवीं कक्षा की छात्रा है। आरोपी साहिल उर्फ रॉकी उनके बेटे के कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। साहिल ने रॉकी बनकर सोशल मीडिया के जरिए छात्रा से दोस्ती की और फिर बातचीत बढ़ाकर उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। आरोपी कुछ समय पहले छात्रा को बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसी दौरान आरोपी ने छात्रा की अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लीं थी। इसके बाद इंटरनेट मीडिया पर वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया था। साथ ही आरोपी छात्रा पर मुस्लिम धर्म अपनाकर शादी करने का दबाव भी बना रहा था। सोमवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मंगलवार सुबह पुलिस ने आरोपी को योगीपुरम चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी, पोक्सो एक्ट व एससी एसटी में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।