संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। चंदपुरा गांव निवासी सुमित मावी (30) का शव सोमवार सुबह धनतला गांव के खड़ंजे पर मिलने के मामले में पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। मृतक के भाई अंकित की तहरीर पर गांव के अरविंद और उसके पड़ोसी सुमित के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि दूसरे की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।
सुमित शनिवार रात करीब 11 बजे घर से कहीं जाने की बात कहकर निकला था। रविवार सुबह तक सुमित के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजनों के अनुसार, सुमित पहले भी रात में घर से चला जाता था और एक-दो दिन बाद वापस लौटता था। इसी कारण उसके लापता होने की सूचना तत्काल पुलिस को नहीं दी गई थी। सोमवार सुबह धनतला गांव के खड़ंजे पर उसका शव पड़ा मिला।
मोबाइल की सीडीआर और लोकेशन खंगाल रही पुलिस
पुलिस को शव के पास सुमित का मोबाइल फोन नहीं मिला। पुलिस मोबाइल नंबर की सीडीआर और लोकेशन निकलवाकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शनिवार रात सुमित किन लोगों के संपर्क में था और उसकी अंतिम लोकेशन कहां थी।
उधर, मृतक के भाई अंकित ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि अरविंद के परिवार की एक महिला से सुमित बातचीत करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच संबंध होने का शक था। आरोप है कि इसी रंजिश में सुमित की हत्या की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली।
चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित कियासीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
-