गंगानगर में मंडी उपनिदेशक और उनकी पत्नी को नौकर ने कॉफी में दिया जहर
गंगानगर (मेरठ)। गंगानगर स्थित कोजी कॉलोनी में मंडी उपनिदेशक प्रवीण कुमार और उनकी पत्नी बबीता को उनके नौकर रामू ने कॉफी में जहरीला पदार्थ दे दिया। बेेहोश होने से पहले ही शक होने पर दंपती ने नौकर को एक कमरे में बंद कर दिया। प्रवीण की मां ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। उन्होंने दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया। बबीता ने होश में आने के बाद घटना के बारे में बताया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केस दर्ज कर लिया है।
गोरखपुर मंडी परिषद में उपनिदेशक प्रवीण कुमार की मां चंद्रकांता गंगानगर सी-ब्लाक स्थित कोजी कॉलोनी में रहती हैं। पांच दिन पहले प्रवीण कुमार अपनी पत्नी बबीता के साथ मां के पास गंगानगर आए थे। दंपती अपने साथ नेपाल निवासी रामू नाम के नौकर को लाए ताकि वह मां की देखरेख कर सके। मंगलवार शाम प्रवीण ने रामू से कॉफी बनाने के लिए कहा। रामू तीन कॉफी बनाकर लाया। प्रवीण और उनकी पत्नी ने कॉफी को पी लिया, चंदकांता ने कॉफी नहीं पी। बाद में दंपती को चक्कर आने लगे। इसी दौरान शक हुआ तो प्रवीण ने बेहोश होने से पहले नौकर को एक कमरे में बंद कर लिया। बाद में दंपती को कंकरखेड़ा बाईपास स्थित कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुधवार को चंद्रकांता ने पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी। गंगानगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। नौकर ने बताया कि वह तीनों को जहरीला पदार्थ पिलाकर घर में लूटपाट करना चाहता था। इंस्पेक्टर गंगानगर राजपाल सिंह ने बताया कि प्रवीण का इलाज चल रहा है। आरोपी को पीड़ित परिवार ने खुद ही पकड़ा है। पुलिस जांच कर रही है।
--
माल समेटकर भागने की थी तैयारी
अब तक की जांच में यही माना जा रहा है कि नौकर घर का माल समेटकर भागना चाहता था। रामू को लगभग एक सप्ताह पूर्व ही नौकरी पर रखा गया था। वह मूल रूप से नेपाल में डोटी जिले के दुर्ग मंडी थानाक्षेत्र का निवासी है। आरोपी की पत्नी और बेटा नेपाल में ही रहते हैं। मेरठ से पूर्व दिल्ली में कार्य करता था। मंगलवार शाम दंपत्ति को बेहोश करने के लिए कॉफी में जहरीला पदार्थ मिलाया था। इसके बाद घर का सारा सामान समेटकर भागने की तैयारी थी। लेकिन परिजनों द्वारा पकड़ लिया गया।
---
घर में लूटपाट करने के लिये नौकर ने दंपती को जहरीला पदार्थ दिया गया। मुकदमा दर्ज करने के बाद नौकर रामू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अभी मामले की जांच करने में जुटी हुई है।
प्रभाकर चौधरी, एसएसपी