संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे के नेहरू पार्क में बुधवार को रियल मार्शल आर्ट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा बेल्ट प्रमोशन टेस्ट का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें 18 ताइक्वांडो खिलाड़ियों को बेल्ट टेस्ट उत्तीर्ण करने पर प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
ताइक्वांडो कोच सुनील तोमर ने बताया कि प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों की करीब तीन माह के बाद बेल्ट प्रमोशन टेस्ट की परीक्षा होती है। बेल्ट प्रमोशन टेस्ट पास करने के बाद खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। टेस्ट में येलो बेल्ट प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में अनन्या, नैना, आराध्या अवस्थी, अभिलाषा चौधरी, ऑरेंज बेल्ट प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में कर्ण, हिमांशु, विशाखा, मायरा, तान्या, प्रज्ञा शर्मा, रिया रहीं। ग्रीन बेल्ट प्राप्त करने वाले खिलाड़ी तन्नु, लकी, भव्य शर्मा रहे। ब्लू बेल्ट प्रथम अर्णव, ब्राउन बेल्ट सेकंड प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में आरुषि बैंसला, हंसिका शर्मा तथा अभिजीत रहे।
कोच ने बताया कि रियल मार्शल आर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के खिलाड़ियों द्वारा जिले से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक होने वाली विभिन्न प्रकार की ताइक्वांडो चैंपियनशिप में विजेता खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए हस्तिनापुर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बेल्ट प्रमोशन टेस्ट के प्रतिभा सम्मान समारोह में अजीत शर्मा, प्रमुख समाजसेवी गौरव गुर्जर, जेपी बैंसला, मनोज अहलावत और अन्य अभिभावक मौजूद रहे।