फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ शहर में दिल्ली रोड पर आठ जगह जाम से निपटने का प्लान

विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ शहर में दिल्ली रोड पर आठ जगह जाम से निपटने का प्लान
विज्ञापन

मेरठ। दिल्ली रोड की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद बुधवार से शुरू हो गई। जीरो माइल से लेकर नवीन मंडी तक आठ स्थान चिह्नित कर विशेष अभियान चलाया गया। कहीं ट्रैफिक लाइट से यातायात का संचालन हुआ तो नियम तोड़ने वालों के चालान किए गए।
दिल्ली रोड के अति व्यस्त माने जाने वाले इन आठ चौराहों पर सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक ट्रैफिक पुलिस जाम से निपटने के प्रयास करेगी। बुधवार को इन चौराहों पर लोगों को जाम से राहत भी मिली। इनके अलावा थ्री-व्हीलर/ई-रिक्शा को भी रूटों पर निर्धारित स्थान पर ही रुकवाकर सवारी उतारने ओर सवारी चढ़ाने का काम किया गया। रोडवेज बस अड्डों से निकली बसों की भी निगरानी की गई। उन्हें भी केवल निर्धारित स्थानों पर ही रुकने की इजाजत दी गई थी। कई जगह वाहन चालकों की ट्रैफिक पुलिस से नोकझोंक हुई। लेकिन सख्ती के आगे किसी की एक न चली।
विज्ञापन

ट्रैफिक लाइटों से हुआ संचालन
विशेष अभियान के तहत शहर के कुछ चौराहों का यातायात प्रबंधन ट्रैफिक लाइटों के जरिए हुआ। प्रयोग के तौर पर बेगमपुल चौराहा और रेलवे रोड चौराहा इसमें शामिल रहे। लाइटों से संचालन के चलते रूट पर वाहनों की कतार तो दिखी लेकिन वह जल्द ही छंट भी गई। दोनों ही चौराहों पर यह नजारा दिखा और लोगों ने राहत की सांस ली।
लालकुर्ती पैठ से गुजरने लगे वाहन
कमिश्नरी आवास से बाउंड्री रोड होते हुए बेगमपुल तक पहुंचने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक विभाग ने लालकुर्ती पैठ में विशेष अभियान चलाया। एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी, टीआई सुनील कुमार और इंस्पेक्टर लालकुर्ती दिलीप शर्मा फोर्स के साथ पैठ से निकले तो जाम खुलना शुरू हो गया। दुकानों के बाहर रखा सामान व्यापारियों ने हटाना शुरू कर दिया। इसके बाद लालकुर्ती चौराहे से वाहनों को पैठ मार्ग से बेगमपुल की तरफ निकाला गया।
चेकिंग का नाम, वसूली का काम
यातायात विभाग का पूरा ध्यान इन दिनों शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूती प्रदान करना है। बावजूद इसके शहर के कुछ चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मी किसी दूसरे ही काम में व्यस्त दिखते हैं। बच्चा पार्क चौराहे पर अक्सर ऐसा नजारा देखने को मिलता है। एक बाइक पकड़ने के बाद चार ट्रैफिक पुलिसकर्मी उसे घेर लेते हैं। चेकिंग के नाम पर एक के बाद एक कई वाहनों को रोक लिया जाता है और यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे छोड़ दी जाती है। बुधवार को भी ऐसा ही देखने को मिला। ऐसी ही स्थिति बागपत अड्डा चौराहे पर भी अक्सर दिखती है।
एसपी ने लगाई दरोगा को फटकार
यातायात के विशेष अभियान के दौरान एसपी ट्रैफिक दोपहर में जब लालकुर्ती पैठ एरिया में पहुंचे तो बीच सड़क पर ठेलों की कतार देख वह भड़क गए। उन्होंने एक दरोगा को फटकार लगा दी। दरोगा को यहां तक कह दिया कि पुलिस का काम ट्रैफिक विभाग को करना पड़ता है। दोनों के बीच नोकझोंक भी हो गई। बाद में दरोगा को ठेले हटवाने के लिए कहकर वहां से भेज दिया गया। एसपी ट्रैफिक और दरोगा के बीच नोकझोंक व्यापारियों में चर्चा का विषय रही।
विज्ञापन

दिल्ली रोड के चयनित आठ स्थान
- जीरोमाइल चौराहा
- बेगमपुल चौराहा
- भैसाली बस अड्डा व सोतीगंज
- केसरगंज चौराहा व महताब सिनेमा
- रेलवे रोड चौराहा
- ईदगाह चौराहा
- बागपत अड्डा चौराहा
- दुर्गा धर्म कांटा (नवीन मंडी के पास)
व्यवस्था लागू रहेगी
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी का कहना है कि दिल्ली रोड पर आठ स्थान चिह्नित कर सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था तैयार की गई है। बेहतर यातायात प्रबंधन इसका मुख्य उद्देश्य है। पहले दिन बेहतर परिणाम मिले। आगे भी व्यवस्था लागू रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें