मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के कुलपति ने कैश का किया दौरा, फिजियोथेरेपी ओपीडी का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, सलावा के कुलपति एवं अर्जुन अवार्डी दीप अहलावत ने शनिवार को कॉलेज ऑफ एप्लाइड एजुकेशन एंड हेल्थ साइंसेज (कैश) का दौरा किया। उन्होंने संस्थान के विभिन्न विभागों के साथ फिजियोथेरेपी ओपीडी का निरीक्षण किया और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
फिजियोथेरेपी ओपीडी में उन्होंने मरीजों के मूल्यांकन, उपचार और पुनर्वास की प्रक्रिया देखी। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल और स्वास्थ्य के क्षेत्र में फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। खिलाड़ियों की चोटों की रोकथाम, बेहतर प्रदर्शन और चोट के बाद जल्द मैदान पर वापसी के लिए प्रशिक्षित फिजियोथेरेपिस्ट आवश्यक हैं। संस्थान के पदाधिकारियों, फिजियोथेरेपी विभाग के शिक्षकों और चिकित्सकीय टीम ने उनका स्वागत किया। इस दौरान संस्थान की शैक्षणिक, क्लिनिकल और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान कॉलेज के चेयरमैन डॉ. एसपी देशवाल, डायरेक्टर डॉ. एसके गर्ग ने कुलपति दीप अहलावत को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत और सम्मानित किया।