मेरठ। आईएचएम में बुधवार को महिन्द्रा के नांदी फाउंडेशन के सहयोग से छह दिवसीय व्यक्तित्व निखार कार्यशाला शुरू हुई। इस कार्यशाला का उद्देश्य अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार करना, उनकी योग्यता, व्यक्तित्व और क्षमता को और अधिक सशक्त बनाना है।
कार्यशाला में बताया कि सॉफ्ट स्किल्स आज के समय में सफलता की कुंजी माने जाते हैं। अपनी मानसिक अभिरुचि, जिज्ञासा, विवेकशीलता और सतत प्रयास से विकसित होने वाले ये कौशल व्यक्ति को भीड़ से अलग पहचान दिलाते हैं। कार्यशाला के दौरान टीम ने विकासात्मक गतिविधियाें का आयोजन किया। इसमें समूह चर्चा, टीम बिल्डिंग, समय प्रबंधन, तात्कालिक भाषण, व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित हुए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ऋतिका राजीव, द्वितीय स्थान प्रज्ञा गौतम तथा तृतीय स्थान अनुश्री नंदी ने प्राप्त किया। कार्यशाला में नांदी फाउंडेशन के प्रशिक्षक प्रीतम नायक, डीन अकादमिक एवं प्रशिक्षण व प्लेसमेंट प्रभारी प्रो. संदीप वर्मा, सहायक समन्वयक अभिनव शर्मा, प्रीतिका छाबड़ा का सहयोग रहा। निदेशक कर्नल सुरेश गुप्ता ने छात्रों के प्रदर्शन की प्रशंसा की।