खेकड़ा। कस्बे में बुखार से बुधवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजन डेंगू से व्यक्ति की मौत होना बता रहे हैं। परिजनों ने युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मंगलवार को भी कस्बे में एक युवक और एक बच्ची की डेंगू से मौत हो गई थी।
कस्बे के मोहल्ला औरंगाबाद के स्वर्गीय जगत पाल सिंह के इकलौते बेटे राहुल धामा (36) को मंगलवार सुबह तेज बुखार आया था। तबियत बिगड़ने पर परिजनों ने कस्बे के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक की मां कृष्णा ने बताया कि जांच में डाक्टर ने उसे डेंगू होना बताया था। राहुल की पत्नी ममता और एक दो साल की बेटी आयुषी है। मंगलवार को भी खेकड़ा के मोहल्ला अहिरान निवासी व्यापारी दीपक अग्रवाल के बेटे रितिक और मोहल्ला रामपुर निवासी शिक्षक अनिल त्यागी की बेटी संजीवनी त्यागी की डेंगू से मौत हो गई थी। दो दिन में तीन मौत होने से कस्बे के लोगों को डेंगू फैलने का डर सता रहा है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से कस्बे में दवा का छिड़काव कराने और शिविर लगाने की मांग की है। सीएमओ डॉ़ महावीर सिंह का कहना है कि बृहस्पतिवार को टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।