मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोग
रामराज खादर को जाने वाले मुख्य मार्ग पर जल निकासी न होने की वजह से हुआ जलभराव व कीचड़ बीते छह माह से नासूर बना हुआ है। इसका खामियाजा यहां से गुजरने वाले सैकड़ों वाहनों व ग्रामीणों को उठाना पड़ रहा है। जिम्मेदार अनजान बने हुए हैं। ग्रामीण शिकायत कर थक चुके हैं। लेकिन बेपरवाह प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
रामराज खादर क्षेत्र के दर्जनों गांवों का मुख्य बाजार रामराज ही है। प्रतिदिन खादर क्षेत्र के सैकड़ों लोग हर छोटी व बड़ी चीज की खरीदारी के लिए यहां आते हैं। मुख्य मार्ग पर स्थित ढलान के नीचे सड़क किनारे बने मकानों की जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। इसके लिए ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान से लेकर तहसील प्रशासन तक मांग की जा चुकी है।
ग्राम प्रधान संगीता रानी ने लोगों की परेशानी को देखते रामराज स्थित अनाज मंडी तक नाला तो बनवा दिया है, लेकिन अभी तक उसमें पानी नहीं छोड़ा गया है। जल निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है। यहां से गुजरने वाले ग्रामीणों की समस्या का अभी समाधान नहीं हुआ है। जलभराव से बडे़-बडे़ गड्ढे भी बन गए हैं। इनमें हादसे होने लगे हैं।
ग्राम प्रधान संगीता रानी व उनके पति जितेंद्र कुमार का कहना है कि जल निकासी के लिए सड़क के दायीं ओर नाले का निर्माण करा दिया है। पानी क्रॉसिंग के लिए पुलिया के पास 10 मीटर नाले का निर्माण और कराया जाएगा। शीघ्र ही पुलिया को खुलवाकर जलभराव से निजात दिलाई जाएगी।