मेरठ। जिले की 469 से अधिक बैंक शाखाओं में सुबह 10 बजे से दो हजार के नोट बदलने और खातों में जमा करने के लिए लोग उमड़ पड़े। अब तक बैंकों में 30 करोड़ रुपये दो हजार के नोटों के रूप में जमा हो गए हैं। देहात क्षेत्र की कई शाखाओं में तीन दिन में प्रतिदिन 10 लाख से 16 लाख तक धनराशि जमा हो रही है।
एसबीआई, पीएनबी, केनरा, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और प्राइवेट बैंक की कंकरखेड़ा, गंगानगर, मोदीपुरम, शास्त्रीनगर, दिल्ली रोड व गढ़ रोड आदि शाखाओं में बैंक खुलने से पहले ही वरिष्ठ नागरिक पहुंच गए। एसबीआई कैंट शाखा में पहुंचे दिनेश कुमार ने बताया कि 4 हजार रुपये खाते में जमा किए हैं। पहली बार बैंक में आकर ऐसा लगा कि जैसे उत्सव की तैयारी है। नोट बदलने के लिए अलग से काउंटर लगाए गए हैं। एसबीआई शास्त्रीनगर में पहुंचे सेवानिवृत्त सीएमओ एसके जैन ने बताया कि वह नई सड़क पर रहते हैं। 20 हजार की धनराशि बदलवाई है। बैंक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से काउंटर बनाया गया है। टोकन सिस्टम है।
शास्त्रीनगर निवासी नाजमा ने बताया कि सुबह 11 बजे शाखा में पहुंची और 20 मिनट में 4 हजार रुपये जमा कर खाता खुलवाया। एसबीआई के डीजीएम रणविजय प्रताप भी शाखा में निरीक्षण के लिए पहुंच गए। बैंक में ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी और चाय-पानी का भी प्रबंध किया गया था। चीफ मैनेजर हरीश वाधवा ने डीजीएम को संपूर्ण व्यवस्था के विषय में अवगत कराया। बैंक में रूटीन कार्य प्रभावित न हो इसके लिए अलग काउंटर लगाए गए हैं।
डीजीएम ने बताया कि उन्होंने शहर की कई शाखाओं में निरीक्षण किया है, सभी जगह व्यवस्था सामान्य है। छावनी और शास्त्रीनगर शाखा में ग्राहकों की संख्या को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। पीएनबी की गढ़ रोड, शास्त्रीनगर, पुरानी तहसील, दिल्ली रोड शाखाओं में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नोट बदलवाए। खैरनगर पीएनबी और एसबीआई और रेलवे रोड एचडीएफ में सुबह से शाम तक 3 से 4 लोग ही नोट बदलवाने के लिए पहुंचे।
पीएनबी में जमा हो रही प्रतिदिन 3 करोड़ से अधिक राशि
पीएनबी के डिप्टी सर्कल हेड संजीव त्यागी ने बताया कि कई शाखाओं का निरीक्षण किया है। एक्सचेंज कराने वालों लोगों से अधिक संख्या खातों में नकदी जमा कराने वाले ही हैं। पीएनबी की कई शाखाओं में प्रतिदिन 10 से 16 लाख तक की राशि जमा हो रही हैं। पीएनबी की 107 शाखाओं प्रतिदिन 3 करोड़ से अधिक की राशि 2 हजार के नोटों के रूप में आ रही है। बैंक ऑफ बड़ौदा शास्त्रीनगर शाखा के मुख्य प्रबंधक पियुष बंसल ने बताया कि दोपहर 2 बजे तक 14 लोगों ने धनराशि खातों में जमा और एक्सचेंज कराई है। जिन लोगों के पास आईडी नहीं थी उनके नोट एक्सचेंज करके दिए हैं।
बैंकों में दुरुस्त रही व्यवस्था
मयूर विहार निवासी डेंटिस्ट वंदना शर्मा ने बताया कि पीवीएस मार्ग बैंक शाखा में जाते ही नंबर आ गया। अहमदनगर निवासी आबिद ने बताया कि वह एसी ठीक करने का कार्य करता है। 4 हजार रुपये बदलवाए हैं, आईडी दिखाकर नोट जमा किए। आरके शर्मा और राजीव गर्ग ने बताया कि शाखा में अच्छी व्यवस्था देखने को मिली।
469 शाखाओं में बदले गए नोट
लीड बैंक मैनेजर सुशील कुमार मजूमदार ने बताया कि सभी बैंक शाखाओं में जमा और 2 हजार के नोट बदलने का कार्य सुबह 10 बजे से शुरू हो गया है। केनरा बैंक, एसबीआई, पीएनबी में सर्वाधिक नकदी जमा हुई। प्राइवेट और सरकारी बैंकों में औसत तीन दिन में 30 करोड़ के आसपास धनराशि जमा हुई है।