कस्बे की भीम नगर कॉलोनी में जल निगम द्वारा बनाई जा रही सड़क निर्माण में लगाया अनियमितका आरोप स्
हस्तिनापुर। कस्बे में जल निगम द्वारा पेयजल योजना के तहत बिछाई गई पाइप लाइन से राहत से ज्यादा लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर समय-समय पर लोग हंगामा-प्रदर्शन और शिकायत करते रहे हैं। ऐसा ही एक मामला कस्बे की भीमनगर कॉलोनी में सामने आया है। बृहस्पतिवार को लोगों ने घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किए जाने पर हंगामा-प्रदर्शन किया।
भीम नगर कॉलोनी के वार्ड दो नंबर में करीब चार महीने पूर्व पेयजल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाई गई थी। इसके लिए सड़कों को उखाड़कर फेंक दिया गया था। लंबे समय से लोग सड़क दुरुस्त करने की मांग कर रहे थे। अब जल निगम के ठेकेदार द्वारा सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। मानक के अनुसार सड़क का निर्माण नहीं कराने पर बृहस्पतिवार को लोगों ने हंगामा-प्रदर्शन किया और सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने वार्ड सभासद पिंकी और अनिल कुमार को मामले से अवगत कराया। शिकायत मिलते ही वह मौके पर पहुंच गए।
सभासद पिंकी ने कहा कि अगर सड़क निर्माण में अनियमितता जारी रहती है तो वह इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करेंगी। इस अवसर पर गीता, कुलदीप, सुदेश, अशोक, राखी, बिरजू, प्रमोद, मालती, शशि, पुष्पा आदि ने बताया कि जल निगम द्वारा सड़कों को काफी लंबे समय पहले ही उखाड़कर फेंक दिया गया था। उसका निर्माण अभी तक नहीं हुआ और अब निर्माण शुरू हुआ है तो उसमें घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। इस कारण यह सड़क जल्द ही टूट जाएगी और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत चेयरपर्सन के साथ-साथ जिलाधिकारी से भी की जाएगी। चार दिन पूर्व भी शकुंतला कॉलोनी में लोगों ने सड़क निर्माण को लेकर जल निगम पर गंभीर आरोप लगाए थे, परंतु इस पर अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। अनिल कुमार ने बताया कि जल निगम द्वारा सड़कों को बनाने में भ्रष्टाचार किया जा रहा है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।